पांच चिकित्सा संस्थानों में 1 से 30 नवंबर तक बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, 80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलेगी विशेष सहायता
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के लिए 1 से 30 नवंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया समझाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य बुजुर्ग पेंशनर्स को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
शिविर मंडल रेल चिकित्सालय निशातपुरा, पॉलीक्लीनिक हबीबगंज और उप चिकित्सालय बीना, गुना एवं इटारसी में लगाए जाएंगे। कार्यदिवसों में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक पेंशनर्स स्वास्थ्य जांच करा सकेंगे और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) बनवाने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देख सकेंगे।
80 वर्ष और उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को कर्मचारी कल्याण निरीक्षक विशेष सहायता देंगे, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
शिविरों में साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी भी दी जाएगी। पेंशनर्स को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सतर्क रहने के साथ ओटीपी और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी जाएगी।
इसके अलावा भोपाल, इटारसी, बीना, गुना और हरदा रेलवे स्टेशनों पर भी कर्मचारी कल्याण निरीक्षक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पेंशनर्स को सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और कल्याण का ध्यान रखना है।
