भोपाल, 12 नवंबर. कलियासोत डेम के पास देवी प्रतिमा के वेस्ट अवशेषों में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। कुछ दिन पहले भी इसी स्थान पर आग लगी थी, जिसमें कई बेजुबान डॉग के बच्चों की जलकर मौत हो गई थी। इसके बावजूद यहां लापरवाही का सिलसिला थम नहीं रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय कुछ लोग यहां बैठकर शराब पीते और सिगरेट पीते हैं। आशंका है कि लापरवाही से फेंकी गई जलती सिगरेट या अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। बार-बार आग लगने से आसपास लगे पेड़ों और नगर निगम द्वारा किए गए पौधरोपण को भी खतरा पैदा हो गया है। ताजा घटना में आग फैलने पर नगर निगम के अमले और फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के कई पेड़ जलकर नष्ट हो सकते थे। लोगों ने प्रशासन से रात में निगरानी बढ़ाने, शराब और सिगरेट पीने वालों पर कार्रवाई करने तथा संवेदनशील स्थान पर नियमित गश्त कराने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
============
कलियासोत डेम पर देवी प्रतिमा के वेस्ट अवशेषों में दूसरी बार लगी आग, पहले भी जलकर मर चुके हैं डॉग के बच्चे
