आबकारी विभाग की कार्रवाई, 34 प्रकरण दर्ज, 1.51 लाख की शराब और वाहन जब्त

बागसेवनिया और रंगमहल चौराहे से दो आरोपी पकड़े, रेस्टोरेंट और ढाबों में देर रात जांच कर 32 मामले बनाए

भोपाल।अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान कुल 34 प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने करीब 1 लाख 50 हजार 900 रुपए कीमत की शराब और वाहन जब्त किए।

बागसेवनिया क्षेत्र में आबकारी टीम ने श्रीकांत बावस्कर निवासी हबीबगंज को स्कूटर से 200 पाव देशी मसाला शराब ले जाते पकड़ा। जब्त शराब और स्कूटर की अनुमानित कीमत 66 हजार रुपए बताई गई है। वहीं, रंगमहल चौराहे पर दूसरी टीम ने मोटरसाइकिल से 144 पाव देशी प्लेन शराब का अवैध परिवहन करते एक आरोपी को पकड़ा। इस मामले में शराब और वाहन की कीमत करीब 90 हजार 900 रुपए आंकी गई है।

इसके अलावा रायसेन रोड क्षेत्र के पेंडियम, शामियाना, समायरा ग्रीन, हेरिटेज बाग, क्लाउड-11, आचमन, लक्स और शाही पिंड सहित कई रेस्टोरेंट और ढाबों में देर रात जांच की गई। यहां अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने के मामलों में 32 प्रकरण दर्ज किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर यह अभियान आबकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाया गया। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार गश्त और जांच की जाएगी। साथ ही लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

Exit mobile version