तुर्की में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी भोपाल की डॉ. साक्षी भारद्वाज

COP31 में प्रकृति संरक्षण, जलवायु अनुकूलन और सतत विकास के मुद्दों पर रखेंगी पक्ष

भोपाल। मध्यप्रदेश की पर्यावरण विशेषज्ञ और मध्यप्रदेश राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित डॉ. साक्षी भारद्वाज संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन COP31 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह सम्मेलन 9 से 20 नवंबर 2026 तक तुर्की के अंताल्या में आयोजित हो रहा है। डॉ. साक्षी जंगलवास की संस्थापक हैं। वे सूक्ष्म जीव विज्ञान विशेषज्ञ होने के साथ स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।

डॉ. साक्षी इससे पहले अजरबैजान की राजधानी बाकू में आयोजित COP29 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। COP31 में वे जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रकृति आधारित समाधान, जैव विविधता संरक्षण, शहरी पर्यावरण और सतत विकास जैसे विषयों पर अपनी बात रखेंगी।

उन्होंने बताया कि उनकी पहल ‘जंगलवास’ का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चर्चाओं को धरातल पर उतारना और ऐसे समाधान विकसित करना है, जिनका प्रभाव मापा जा सके। सम्मेलन में उनका विशेष जोर जलवायु अनुकूलन, शून्य अपशिष्ट, जलवायु के अनुकूल शहरों, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा।

डॉ. भारद्वाज के अनुसार, जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए केवल नीतियां और घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि उन्हें जमीन पर लागू करना भी जरूरी है। इसके लिए युवाओं की भागीदारी और स्थानीय स्तर पर होने वाले नवाचार महत्वपूर्ण हैं।

COP31 में उनकी भागीदारी के जरिए जमीनी स्तर पर किए जा रहे पर्यावरणीय प्रयासों और युवा नेतृत्व वाली पहलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिलेगा।

Exit mobile version