State

दीपावली से पहले 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग, कर्मचारियों में असंतोष

संघ ने कहा—महंगाई के दौर में घोषणा में देरी से बढ़ रही नाराजगी, त्योहार से पहले निर्णय ले सरकार

भोपाल, 26 अक्टूबर। अर्द्ध शासकीय अधिकारी-कर्मचारी सार्वजनिक उपक्रम संघ के प्रांताध्यक्ष एवं सेमी गवर्नमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन के संयोजक अनिल बाजपेई ने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा नहीं किए जाने पर विरोध जताया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दीपावली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा की जाए, ताकि कर्मचारी त्योहार उत्साह के साथ मना सकें।

अनिल बाजपेई ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का लाभ देने में देरी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में 10 प्रतिशत तक महंगाई भत्ते की घोषणा की जाती थी, लेकिन वर्तमान में 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते की घोषणा नहीं होने से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में असंतोष है और यह लगातार बढ़ रहा है। कर्मचारी संगठन लंबे समय से महंगाई के अनुरूप राहत देने की मांग कर रहे हैं।

संघ ने सरकार से आग्रह किया है कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए कर्मचारियों के हित में जल्द निर्णय लिया जाए और 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा तत्काल की जाए। संगठन का कहना है कि समय पर घोषणा होने से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे त्योहार बेहतर तरीके से मना सकेंगे।

Related Articles