निजी लैब की रिपोर्ट में दो बार बैक्टीरिया मिलने के बाद निगम ने कराई जांच, आठ प्रयोगशालाओं में भेजे नमूने; रविवार को छह घरों से फिर लिए सैंपल
भोपाल। वैशाली नगर में पेयजल के नमूनों में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने की निजी लैब की रिपोर्ट के बाद नगर निगम ने अपनी जांच कराई है। निगम का कहना है कि क्षेत्र के 14 घरों से लिए गए पानी के नमूनों में यह बैक्टीरिया नहीं मिला। जांच में पानी तय मानकों के अनुरूप पाया गया है। हालांकि, निजी लैब की रिपोर्ट और निगम की जांच के नतीजे अलग-अलग आने से पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल बने हुए हैं।
निगम के जलकार्य विभाग की टीम ने शनिवार को भवन क्रमांक 127, 117, 126, 124, 120, 119, 88, 91 और 85 में पहुंचकर रहवासियों के सामने पानी के नमूने लिए। मौके पर जांच के दौरान पानी का रंग साफ, गंध रहित और क्लोरीन की मात्रा पर्याप्त मिली। शनिवार को लिए गए नमूनों की आठ जल परीक्षण प्रयोगशालाओं में जांच कराई गई। निगम के मुताबिक, किसी भी नमूने में ई-कोलाई बैक्टीरिया नहीं पाया गया।
रविवार को भी लिए नमूने
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जलकार्य विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। रविवार को भी भवन क्रमांक 127, 126, 129, 119, 56 और 48 से पानी के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
निगम की टीम शहर के दूसरे इलाकों में भी पानी के नमूने लेकर रंग, गंध और क्लोरीन की जांच कर रही है। दूसरी ओर, वैशाली नगर के रहवासी लंबे समय से गंदे और बदबूदार पानी की शिकायत कर रहे हैं। निजी लैब की रिपोर्ट में दो बार ई-कोलाई मिलने के दावे के बीच निगम की जांच में बैक्टीरिया नहीं मिलने से दोनों रिपोर्ट के अंतर की वजह जानना जरूरी है।
रहवासियों की चिंता दूर करने के लिए केवल नमूनों की जांच पर्याप्त नहीं होगी। पेयजल पाइपलाइन में लीकेज और सीवेज का पानी मिलने की आशंका की भी जांच करनी होगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
