-अमित शर्मा ने महापौर मालती राय और निगम प्रशासन को घेरा
-सफाई पर खर्च और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग
भोपाल, 10 नवंबर. देश के स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में भोपाल के बाहर होने को लेकर राजनीतिक विरोध शुरू हो गया है. मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने इस मुद्दे पर महापौर मालती राय और नगर निगम प्रशासन को घेरा. उन्होंने निगम मुख्यालय परिसर में झाड़ू लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए. इस दौरान सैकड़ों लोगों ने भी शहर को स्वच्छ बनाने के लिए स्वयं जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया. अमित शर्मा ने कहा कि भोपाल कभी देश के सबसे स्वच्छ शहरों में अपनी पहचान रखता था, लेकिन अब स्वच्छता रैंकिंग से बाहर होना शहर की प्रतिष्ठा के लिए बड़ा झटका है. उन्होंने सवाल उठाया कि स्वच्छता के बड़े-बड़े दावों और प्रचार के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हो रहा है. महापौर और नगर निगम प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि नगर निगम और सरकार स्वच्छता के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करते हैं, लेकिन सडक़ों, बाजारों, गलियों और कॉलोनियों में गंदगी की शिकायतें सामने आती रहती हैं. ऐसे में स्वच्छता पर खर्च की गई राशि का हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए. साथ ही यह भी बताया जाए कि सफाई व्यवस्था की निगरानी कौन कर रहा है और लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती.
-जनता ने लिया सफाई का संकल्प
प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे शहर को साफ रखने में अपनी भागीदारी निभाएंगे. शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों का भी कर्तव्य है. हालांकि, जनभागीदारी के नाम पर निगम अपनी मूल जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकता.
-वार्डों में विशेष अभियान चलाने की मांग
अमित शर्मा ने सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाने, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता पर हुए खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की. उन्होंने महापौर से पूछा कि भोपाल के रैंकिंग से बाहर होने की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्या निगम प्रशासन की जवाबदेही तय होगी? उन्होंने कहा कि शहर की जनता को प्रचार और विज्ञापन नहीं, बल्कि साफ सडक़ें, स्वच्छ मोहल्ले और बेहतर सफाई व्यवस्था चाहिए.
