कोरल कासा में रहवासियों की शिकायत पर पहुंचा निगम अमला, ग्रीन नेट नहीं लगाने और गंदगी फैलाने वालों से भी वसूले 37,600 रुपए
भोपाल। कॉलोनी परिसर में बड़ी मात्रा में कचरा जमा करना बिल्डर को महंगा पड़ गया। रहवासियों की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कचरा एकत्र करने के मामले में बीएम रियलिटी कोरल कासा पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। निगम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में गंदगी फैलाने, निर्माण मलबा सड़क पर डालने और निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। रविवार को कुल 26 मामलों में 47 हजार 600 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही हैं। इसी दौरान जोन-17 के वार्ड-76 स्थित कोरल कासा कॉलोनी के रहवासियों ने परिसर में बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने की शिकायत की। निगम अमले ने मौके पर जांच की तो परिसर में कचरे का ढेर मिला। जांच में पता चला कि यह कचरा संबंधित बिल्डर की ओर से जमा किया गया था। इस पर टीम ने बीएम रियलिटी कोरल कासा पर 10 हजार रुपए का स्पॉट फाइन किया।
छह जोन में भी कार्रवाई
निगम के अलग-अलग जोन में गंदगी फैलाने और निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने के मामलों में भी जुर्माना लगाया गया। जोन-10 में छह मामलों में 16 हजार रुपए, जोन-11 में एक मामले में 1200 रुपए, जोन-13 में तीन मामलों में 10 हजार रुपए, जोन-15 में पांच मामलों में 5500 रुपए, जोन-16 में नौ मामलों में 3900 रुपए और जोन-18 में एक मामले में 1000 रुपए वसूले गए। इस तरह बिल्डर पर की गई कार्रवाई सहित कुल 26 मामलों में 47 हजार 600 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
