50 दुकानों का दो मंजिला मार्केट हो रहा तैयार, तीन दुकानों के लिए नहीं मिला कोई बोलीदाता; शेष 28 दुकानों की नीलामी जल्द होगी
भोपाल। राजधानी भोपाल की जनपद पंचायत फंदा अंतर्गत ग्राम पंचायत बरखेड़ा नाथू में शुक्रवार को निर्माणाधीन शासकीय दुकानों की नीलामी आयोजित की गई। इस दौरान भूतल की 22 दुकानों की सफलतापूर्वक नीलामी हुई, जबकि तीन दुकानों के लिए कोई बोलीदाता सामने नहीं आया। नीलामी में दुकान क्रमांक-7 की सबसे अधिक बोली 20 लाख 70 हजार रुपये रही।
ग्राम पंचायत बरखेड़ा नाथू द्वारा क्षेत्र में 50 दुकानों का दो मंजिला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इस मार्केट में भूतल पर 25 और प्रथम तल पर 25 दुकानें होंगी। फिलहाल भूतल की 25 दुकानों में से 22 की नीलामी की गई, जबकि शेष तीन दुकानों और प्रथम तल की 25 दुकानों की नीलामी के लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
नीलामी के लिए भूतल की प्रत्येक दुकान का आधार मूल्य 8.50 लाख रुपये तथा प्रथम तल की प्रत्येक दुकान का आधार मूल्य 8 लाख रुपये निर्धारित किया गया था। प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के चलते कई दुकानों की कीमत आधार मूल्य से काफी अधिक पहुंची।
जनपद पंचायत फंदा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) शिवानी मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और पंचायत की आय में वृद्धि के उद्देश्य से यह दो मंजिला मार्केट विकसित किया जा रहा है। शेष दुकानों की नीलामी के लिए जल्द ही अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत बरखेड़ा नाथू के सरपंच खेमचंद सिंगरौले, जनपद पंचायत फंदा के अधिकारी दिलीप कुमार शिंदे (बीपीओ), सतीश चौरसिया, जनपद सदस्य विनोद नगीना तथा रोजगार सहायक बृजमोहन शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पंचायत प्रशासन को उम्मीद है कि पूरे मार्केट के तैयार होने के बाद क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार एवं व्यवसाय के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।