भोपाल, 10 जुलाई। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग फील्ड स्तर से संभाग स्तर तक सुनिश्चित की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से लक्ष्य आधारित कार्य करें। उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए संभाग में ढाई लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि भोपाल में अमरूद, सीहोर में प्याज, राजगढ़ में संतरा, विदिशा में धनिया और रायसेन में टमाटर का उत्पादन बढ़ा है। क्षेत्रवार क्लस्टर आधारित उद्यानिकी विकास, कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, डेयरी तथा कृषि आधारित लघु उद्योगों की स्थापना के लिए डेटा आधारित कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
संभागायुक्त ने शिशु मृत्यु दर (IMR) और मातृ मृत्यु दर (MMR) में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को जमीनी स्तर पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने 14 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के प्रभावी संचालन, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के रिकॉर्ड में डेटा विसंगतियों को दूर करने तथा आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही डायरिया नियंत्रण, एनआरसी भर्ती और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानकों की संयुक्त मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।