भोपाल, 10 जुलाई। भोपाल मेट्रो रेल परियोजना में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने गोविंदपुरा और ऐशबाग मेट्रो स्टेशनों को परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भारत सरकार द्वारा नवंबर 2018 में स्वीकृत भोपाल मेट्रो परियोजना में कुल 29 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित थे, जिनमें ऑरेंज लाइन पर 16 और ब्लू लाइन पर 13 स्टेशन शामिल थे। परियोजना के दौरान वैल्यू इंजीनियरिंग, लागत अनुकूलन तथा तकनीकी एवं वित्तीय व्यवहार्यता के आधार पर पुनर्मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा में पाया गया कि ऐशबाग स्टेशन स्थल संबंधी सीमाओं और तकनीकी चुनौतियों के कारण व्यवहार्य नहीं है। वहीं गोविंदपुरा स्टेशन के मामले में समीपवर्ती स्टेशनों के बीच की दूरी आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्धारित मानकों से कम होने के कारण इसे परिचालन की दृष्टि से उपयुक्त नहीं माना गया।
इन तकनीकी, वित्तीय और परिचालन संबंधी निष्कर्षों के आधार पर मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के संचालक मंडल ने दोनों स्टेशनों को डीपीआर से हटाने का प्रस्ताव मंजूर कर दिया है। इसके अनुरूप डीपीआर संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
दोनों स्टेशनों के हटने के बाद भोपाल मेट्रो परियोजना में कुल 27 स्टेशन रह जाएंगे, जिनमें ऑरेंज लाइन पर 15 और ब्लू लाइन पर 12 स्टेशन शामिल होंगे।