29 से 31 जनवरी तक दक्षिण सिक्किम में होगा आयोजन, देश-विदेश की विशिष्ट महिलाओं को मिलेगा सम्मान : डॉ. आर. एच. लता
भोपाल। भारतीय योगिनी एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. आर. एच. लता ने घोषणा की है कि एसोसिएशन द्वारा 7वें अंतर्राष्ट्रीय योगिनी अवार्ड्स एवं सम्मेलन2027 का आयोजन 29 से 31 जनवरी तक निफोंग, दक्षिण सिक्किम में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में योग, महिला नेतृत्व, आध्यात्मिक ज्ञान, समग्र स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, शोध, कला एवं चिकित्सा पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
डॉ. लता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य योग और आध्यात्मिक साधना के क्षेत्र में वर्षों से समर्पित महिलाओं के योगदान को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना, महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय योग परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, आत्मानुशासन, मानसिक शांति और सामाजिक कल्याण का व्यापक माध्यम है।
डॉ लता ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योगिनी अवार्ड्स का उद्देश्य उन महिलाओं को सम्मान देना है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन योग, आध्यात्मिक साधना, शिक्षा, शोध, स्वास्थ्य और समाज सेवा के लिए समर्पित किया है। हमारा प्रयास है कि अनुभवी योग साधिकाओं के ज्ञान और अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए तथा महिलाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच मिले।
डॉ. लता के अनुसार, इस वर्ष का आयोजन महिला सशक्तिकरण, योग एवं आध्यात्मिक ज्ञान, वैश्विक सहयोग और पर्यटन वेलनेस की चार प्रमुख अवधारणाओं पर केंद्रित रहेगा। इसमें भारत के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ 21 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।
पांच श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे प्रतिष्ठित पुरस्कार
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय योगिनी अवार्ड्स होंगे। इसके अंतर्गत पांच प्रमुख श्रेणियों में महिलाओं को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। शिवानी पुरस्कार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की उन महिलाओं को दिया जाएगा, जिन्होंने अपना जीवन योग और आध्यात्मिक सेवा को समर्पित किया है। गार्गी पुरस्कार योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध कार्य और शोध पत्र प्रकाशित करने वाली महिलाओं को प्रदान किया जाएगा। योगिनी पुरस्कार लंबे समय से नियमित योग साधना करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करेगा। गोनिका पुरस्कार अपने योग केंद्र, स्टूडियो अथवा संस्थान के माध्यम से योग का प्रचार-प्रसार करने वाली महिला संस्थापकों एवं संचालिकाओं को दिया जाएगा। मैत्रेयी पुरस्कार योग, निवारक स्वास्थ्य, जनजागरूकता, सामाजिक सहयोग और स्वास्थ्य संवर्धन के लिए सक्रिय महिलाओं को प्रदान किया जाएगा।
इन पुरस्कारों के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुसार नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ होंगे महत्वपूर्ण सत्र
डॉ. लता ने बताया कि सम्मेलन के दौरान आध्यात्मिक गुरुओं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और सामाजिक नेतृत्वकर्ताओं के मुख्य व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। निवारक स्वास्थ्य, बायोहैकिंग, योग डिप्लोमेसी, जीवनशैली विज्ञान और समग्र वेलनेस पर पैनल चर्चाएं एवं शोध प्रस्तुतियां होंगी।
इसके साथ ही योग, वेलनेस, कला और पर्यटन के समन्वय पर विशेष सत्र आयोजन के साथ साथ एक्सपो भी रहेगा। योगिनी होम स्टे के प्रतिनिधि भी रहेंगे जिससे सिक्किम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं वेलनेस पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा मिल सके।
सिक्किम की आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान
इस आयोजन के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए नामची चार धाम, भगवान शिव की 87 फुट ऊंची प्रतिमा तथा सिक्किम की खूबसूरत राजधानी गंगटोक के विशेष आध्यात्मिक एवं पर्यटन भ्रमण का प्रस्ताव भी रखा गया है।
डॉ. लता ने कहा कि सिक्किम अपनी प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक विरासत और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के कारण वैश्विक वेलनेस पर्यटन के लिए विशेष संभावनाएं रखता है। इस सम्मेलन के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, कला, पर्यटन और सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कई राष्ट्रीय स्तर की हस्तियों को किया गया आमंत्रित
आयोजन में सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन योगा एंड नेचुरोपैथी की निदेशक डॉ. ज्योति केसवानी, पद्मश्री एवं भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य तथा नेपाल , भूटान, बंगाल देश सहित सामाजिक कार्यकर्ता राज वासु , सिक्किम युनिवर्सिटी के कुलपति सहित अनेक राष्ट्रीय एवं सामाजिक क्षेत्र की विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
इनके अतिरिक्त सांसदों, विधायकों, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों को भी आमंत्रण भेजे जाने की योजना है। अतिथियों की उपस्थिति आमंत्रण एवं उनकी उपलब्धता पर निर्भर करेगी।
देश-विदेश की महिलाओं से सहभागिता और नामांकन की अपील
डॉ. आर. आर. एच. लता ने योग साधिकाओं, योग शिक्षकों, शोधकर्ताओं, महिला उद्यमियों, योग संस्थानों, वेलनेस विशेषज्ञों और समाजसेवा से जुड़ी महिलाओं से इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के ज्ञान, अनुभव, संघर्ष, समर्पण और नेतृत्व का उत्सव है। इसके माध्यम से एक ऐसा वैश्विक मंच तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जहां योगिनी परंपरा की विरासत को आगे बढ़ाने वाली महिलाओं को सम्मान और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। डॉ लता ने बताया कि सम्मेलन पंजीकरण एवं पुरस्कार नामांकन एवं शोध पत्र के लिए इच्छुक प्रतिभागी भारतीय योगिनी एसोसिएशन की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
