भोपाल। न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह 2026 के तहत रविवार को जिला न्यायालय परिसर से मैराथन और वॉकथॉन निकाली गई। इसमें करीब 500 लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। यह रैली जिला न्यायालय से शुरू होकर वल्लभ भवन पहुंची और वहां से वापस जिला न्यायालय परिसर में समाप्त हुई।
मैराथन के जरिए लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता, बाल अधिकारों और विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। इसमें न्यायिक अधिकारी, वकील, न्यायालय के कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी, विधि के छात्र और पैरालीगल वॉलंटियर्स शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हिमांशु कौशल सहित कई न्यायिक अधिकारी और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मैराथन के पुरुष वर्ग में राम द्विवेदी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में मिताक्षी प्रथम रहीं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज श्रीवास्तव ने दोनों विजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया। विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन 14 से 20 नवंबर तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक कानूनी जानकारी और मुफ्त कानूनी सहायता की सुविधा पहुंचाना है।
