कमला नगर में 21 फीट ऊंची गोवर्धन प्रतिमा बनाई, 56 भोग लगाकर की पूजा

भोपाल। कमला नगर के कोटरा सुल्तानाबाद स्थित राम मंदिर परिसर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। सहज समाधान शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 10 क्विंटल गोबर से भगवान गिरिराज (गोवर्धन) की 21 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार की गई। फूलों से प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार कर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

पूजन के बाद रहवासियों ने भगवान गिरिराज की परिक्रमा की और पर्यावरण एवं प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान देश के जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना भी की गई। पूजा के बाद आतिशबाजी हुई और श्रद्धालुओं को अन्नकूट की भोजन प्रसादी वितरित की गई।

समिति के अध्यक्ष कमल गर्ग और प्रवक्ता रमेश राठौर ने बताया कि पूजन पंडित विष्णु राजोरिया और पंडित गोपी वल्लभ ने कराया। पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गोवर्धन पूजा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।

आयोजन की व्यवस्थाओं में मुकेश गर्ग, सुनील भार्गव सहित समिति के सदस्यों ने सहयोग किया। फूलों की सजावट और रंगोली की जिम्मेदारी प्रीति चंद्रवंशी, गायत्री गर्ग, बबीता पाठक, कविता अनुरागी और शीतल वर्मा ने संभाली। वहीं, अन्नकूट और भजन व्यवस्था में भी समिति के सदस्यों ने योगदान दिया।

Exit mobile version