शहर में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई, कटारा हिल्स में अवैध कॉलोनी की चार दीवारें तोड़ीं

बिरला मंदिर से बैरागढ़ तक कई इलाकों में हटाए ठेले-गुमठी और अस्थायी निर्माण, फुटपाथ भी कराए खाली

भोपाल। नगर निगम ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कटारा हिल्स क्षेत्र में अवैध कॉलोनी की चार पक्की दीवारें जेसीबी मशीन से तोड़ी गईं। वहीं, फुटपाथ और सड़कों पर किए गए कब्जे हटाकर ठेले, गुमठियां, अस्थायी शेड और दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया गया।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिरला मंदिर क्षेत्र में तीन दुकानों के बाहर बने अस्थायी छप्पर और 11 मील स्थित इंडस टाउन में एक टीन शेड हटाया गया। नेहरू नगर में अवैध रूप से लगी किचन गार्डन की जाली हटाई गई, जबकि रातीबड़ में सड़क पर संचालित पंचर की दुकान को हटाया गया।

लालघाटी में केयरवेल अस्पताल के पास नाले पर रखे कबाड़ की दुकान के सामान को हटाया गया। रत्नागिरी में दो मकानों के सामने बने अवैध चबूतरे तोड़े गए। काजी कैंप में नाली के ऊपर रखी फर्शियां हटाई गईं और पुष्पा नगर में आवागमन में बाधा बन रहे दो चार पहिया वाहनों को हटवाया गया।

कई इलाकों में फुटपाथ कराए खाली

निगम की टीमों ने बोट क्लब, वल्लभ भवन, न्यू मार्केट, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, सूरज नगर, शाहपुरा, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद, गांधीनगर, एयरपोर्ट रोड, बैरागढ़, नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन और प्रभात चौराहे सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।

इस दौरान फुटपाथ पर लगी सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानें हटाई गईं। दुकानों के बाहर रखा सामान, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, बोर्ड, कुर्सियां, स्टूल, टेबल और लोहे की बेंच भी हटाई गईं। निगम के अनुसार शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version