चार जिलों में लूट और चोरी की वारदातों का खुलासा, 14 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने करीब 16 लाख रुपए की नकदी और जेवरात बरामद किए, लूटी गई कार और स्कूटी भी जब्त

भोपाल। प्रदेश में लूट और चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सतना, खंडवा, पन्ना, इंदौर और बालाघाट में अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस की कार्रवाई में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा दो विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने करीब 16 लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात के साथ लूटी गई कार और स्कूटी भी बरामद की है।

सतना: पांच चोरी के मामलों में तीन गिरफ्तार

सतना के सिविल लाइन थाना पुलिस ने पांच चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपियों ने खैरा बगहा, कृष्णकुंज कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, अमौधा और रामपुर चौरासी सहित चित्रकूट के रजौला में चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से करीब आठ लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

खंडवा: किसान के आठ लाख रुपए बरामद

खंडवा में कपास बेचकर लौट रहे किसान के आठ लाख रुपए चोरी करने वाले महाराष्ट्र के जलगांव निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। किसान बस स्टैंड पर बाथरूम जाने के लिए रुका था। इस दौरान उसने रुपयों का बैग दीवार पर रख दिया, जिसे आरोपी लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने पूरी आठ लाख रुपए की रकम बरामद कर ली है।

पन्ना: चार घंटे में पकड़े कार लूट के आरोपी

पन्ना की मड़ला घाटी में कट्टा अड़ाकर शिफ्ट डिजायर कार लूटने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने चार घंटे के भीतर पकड़ लिया। इनमें एक विधिविरुद्ध बालक है। झांसी से किराये पर कार लेकर आए चार बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट कर कार, मोबाइल और नकदी लूटी थी। पुलिस ने कार और एक हजार रुपए बरामद किए हैं। गिरोह के मुख्य आरोपी पर उत्तर प्रदेश में सात आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

इंदौर: 24 घंटे में स्कूटी लूट का खुलासा

कनाड़िया थाना पुलिस ने बायपास सर्विस रोड पर स्कूटी लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फरियादी के सिर पर कड़े से वार कर सुजुकी एक्सेस स्कूटी लूटी थी। पुलिस ने 24 घंटे से कम समय में स्कूटी बरामद कर ली। मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से सात अपराध दर्ज हैं।

बालाघाट: चोरी के जेवरात शत-प्रतिशत बरामद

बालाघाट के ग्रामीण नवेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमी में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दो विधिविरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने बालाघाट और छत्तीसगढ़ के रायपुर से आरोपियों को पकड़कर चोरी के सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चोरी के उपकरण भी जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार इन मामलों में सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया।

Exit mobile version