अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 40 लीटर शराब जब्त

दो स्थानों से देशी शराब और बीयर की पेटियां बरामद, बाइक भी जब्त; कुल कीमत 1.39 लाख रुपए

भोपाल। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान कोलार के दामखेड़ा में एक घर से 40 बल्क लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, दो अन्य आरोपियों से देशी शराब और बीयर की पेटियां अवैध परिवहन करते हुए जब्त की गईं। कार्रवाई में एक होंडा शाइन बाइक भी जब्त की गई है।

आबकारी उपनिरीक्षक विनय पाटिल की टीम ने दामखेड़ा निवासी नजमा खान के घर दबिश देकर 40 बल्क लीटर शराब बरामद की। वहीं, सेमरा निवासी फैजान उद्दीन से एक पेटी देशी शराब के पाव और शाहजहानाबाद निवासी शफीक खान से दो पेटी बीयर जब्त की गई। शफीक खान बीयर का परिवहन होंडा शाइन बाइक (एमपी-04-डब्ल्यूबी-2378) से कर रहा था।

तीनों मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 39 हजार 500 रुपए बताई गई है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन तथा कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग के अनुसार अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Exit mobile version