अर्जुन नगर मल्टी में कचरे और नालियों की सफाई कराने को कहा, अवैध ठेले-गुमठियां भी हटाई जाएंगी
भोपाल। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तुलसी नगर और सरस्वती नगर में खाली पड़ी जमीनों को सुरक्षित कर वहां पौधरोपण और उद्यान विकसित करने के निर्देश दिए। वहीं, अर्जुन नगर मल्टी में कचरे के ढेर हटाने और सीवेज चैंबर व नालियों की बेहतर सफाई कराने को कहा।
निगम आयुक्त ने चार इमली, लिंक रोड नंबर-2, अर्जुन नगर मल्टी, तुलसी नगर, गीतांजलि चौराहा, सरस्वती नगर, लाड़ली लक्ष्मी मार्ग, पॉलीटेक्निक चौराहा, राजभवन, मालवीय नगर, विधानसभा रोड, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस चौराहा, ज्योति टॉकीज, अन्ना नगर और पिपलानी सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया।
तुलसी नगर में 99वीं लाइन के पीछे स्थित खाली जमीन पर फेसिंग कराकर उसका समतलीकरण करने और पौधरोपण कर छोटे उद्यान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। सरस्वती नगर में शिव मंदिर के पास खाली जमीन पर मलबा डाले जाने की शिकायत पर स्थल को सुरक्षित कर सौंदर्यीकरण कराने को कहा।
दुकानें और ठेले हटाने के निर्देश
बिड़ला मंदिर के पास सड़क किनारे लगी प्रसाद की दुकानों को पीछे व्यवस्थित करने और सड़क किनारे पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। विधानसभा मार्ग के किनारे भी सौंदर्यीकरण कार्य कराने को कहा। बोर्ड ऑफिस चौराहे के सामने मार्केट के पास खुले स्थल और नालियों की सफाई कराने के साथ अवैध रूप से रखे कंडम ठेले और गुमठियां हटाने के निर्देश दिए।
गांधी चौराहे से पिपलानी मार्ग पर लेफ्ट टर्न की खाली जमीन पर प्रस्तावित पौधरोपण और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभिषेक सराफ, अमन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। निगम आयुक्त ने अर्जुन नगर मल्टी के रहवासियों से चर्चा कर परिसर में सफाई बनाए रखने की अपील भी की।
