भोपाल में अवैध हथियारों पर क्राइम ब्रांच का शिकंजा, रिवॉल्वर और 18 छुरियों के साथ दो गिरफ्तार

भोपाल, 29 अगस्त। भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और 18 धारदार छुरियां बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के पास हथियार रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 23 अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
भोपाल टॉकीज के पास 18 छुरियां बरामद
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि भोपाल टॉकीज के पास बाल विहार ग्राउंड में एक व्यक्ति अवैध रूप से धारदार छुरियां लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मो. माजिद उर्फ मजीद (30) को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद सफेद प्लास्टिक की बोरी से 18 तेज धारदार लोहे की छुरियां बरामद हुईं। इसके अलावा उसके पास से एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला। हथियारों के संबंध में लाइसेंस या अन्य दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
रसला खेड़ी में रिवॉल्वर और कारतूस के साथ गिरफ्तारी
दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने विदिशा रोड, रसला खेड़ी क्षेत्र में दबिश देकर नवेद खान उर्फ नब्बू (24) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक रिवॉल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 25(1-A) आर्म्स एक्ट के तहत क्राइम ब्रांच थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
हथियार कहां से आए, जांच में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से खरीदे गए, इनके निर्माण या सप्लाई का स्रोत क्या है और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस को तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम लगातार अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, इरशाद अंसारी, सहायक उपनिरीक्षक मो. सादिक, अनिल तिवारी, चंद्रमोहन मिश्रा समेत क्राइम ब्रांच के अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।





