मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार का कैंसर: जीतू पटवारी

उमंग सिंघार बोले- जनता के वोट और अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस, बरही की आमसभा में भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
कटनी, 25 अक्टूबर। कटनी जिले के बरही में आयोजित आमसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों को खाद की कमी और चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को उठाते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व्यवस्था की जड़ों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पटवारी, तहसीलदार, नगर निगम और पंचायत स्तर पर आम लोगों को अपने काम कराने में परेशानी होती है। उन्होंने सरकारी खरीद में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए एक लाख रुपये की बाल्टी, 36 हजार रुपये की फिनाइल की बोतल और एक हजार रुपये के बल्ब की खरीद पर सवाल किए। पटवारी ने पूछा कि इस तरह की खरीद के मामलों में जिम्मेदारी किसकी है और क्या राजनीतिक संरक्षण के बिना इतना भ्रष्टाचार संभव है।
मतदाता अधिकारों का मुद्दा उठाया
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची और ईवीएम में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता जिन नेताओं को चुनाव में नकार देती है, उन्हें भाजपा दोबारा सत्ता और पदों पर बैठा देती है। सिंघार ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश और मतदाताओं के अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
सिंघार ने कटनी क्षेत्र में आईटीआई निर्माण में कथित बाधा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने स्थानीय विधायक पर हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे सरकारी आईटीआई का निर्माण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के बावजूद स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है।
खाद की उपलब्धता पर भी उठाए सवाल
किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए सिंघार ने कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों पर असर पड़ता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को गांवों में ही खाद उपलब्ध कराने की दिशा में जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा।
आमसभा में कांग्रेस नेताओं ने भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, सरकारी आईटीआई का निर्माण सुनिश्चित करने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बरही और विजयराघवगढ़ क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए जनता से सहयोग की अपील की।





