
ईओडब्ल्यू जांच का कांग्रेस ने किया स्वागत, अभिनव बरोलिया 9 जून को देंगे बयान
भोपाल। भोपाल नगर निगम के कथित स्लॉटर हाउस एवं टेंडर अनियमितता मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) द्वारा जांच शुरू किया जाना और संबंधित पक्षों को साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाना इस बात का संकेत है कि उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
कांग्रेस ने ईओडब्ल्यू की कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होगी। कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में सामने आए आरोपों और दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कांग्रेस ने कहा- उठाए गए सवाल निराधार नहीं
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संगठन के निर्देश पर पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया को इस मामले से जुड़े तथ्यों को सामने लाने और कथित अनियमितताओं की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई थी। अब जब जांच एजेंसी स्वयं उनसे बयान और साक्ष्य मांग रही है, तो यह स्पष्ट है कि मामले में उठाए गए प्रश्नों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार इस विषय पर पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करती रही है तथा जांच एजेंसियों के समक्ष उपलब्ध तथ्यों को रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा की नीतियों और जवाबदेही पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी वर्षों से गौ संरक्षण, धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है, लेकिन जब इन विषयों से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने का सवाल आता है तो स्पष्टता दिखाई नहीं देती।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार गौ संरक्षण और पारदर्शिता के प्रति गंभीर है तो उसे इस मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए तथा सामने आने वाले तथ्यों पर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
सामाजिक और धार्मिक संगठनों से सहयोग की अपील
जीतू पटवारी ने विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनसंगठनों से अपील की कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सच्चाई सामने लाने के प्रयासों का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास मामले से संबंधित जानकारी या तथ्य हैं, उन्हें जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके।
9 जून को ईओडब्ल्यू के समक्ष प्रस्तुत होंगे अभिनव बरोलिया
कांग्रेस के अनुसार पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया 9 जून को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष, बयान और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। कांग्रेस नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि जांच प्रक्रिया के माध्यम से पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।





