National

मेरठ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की हत्या, पति पर चाकू से हमला करने का आरोप

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र स्थित हर्रा कस्बे में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 40 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की कथित तौर पर उनके पति प्रदीप चौहान (42) ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने भी स्वयं पर चाकू से कई वार कर लिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे की है। हमले के दौरान बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। घर के अंदर निशा चौहान खून से लथपथ पड़ी मिलीं, जबकि कुछ दूरी पर घायल अवस्था में प्रदीप चौहान भी पड़ा था।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने निशा चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रदीप चौहान का उपचार जारी है।

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बच्चों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles