
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के कर्मचारियों को जल्द ही जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जाम (GDCE) के माध्यम से कैडर परिवर्तन और पदोन्नति का अवसर मिलने जा रहा है। रेलवे में 600 से अधिक रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी किए जाने की तैयारी है।
वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के जोनल मीडिया कोऑर्डिनेटर रोमेश चौबे ने बताया कि संघ के महामंत्री अशोक शर्मा की 14 जुलाई 2026 को पश्चिम मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (PCPO) के साथ हुई चर्चा में यह जानकारी दी गई।
संघ के अनुसार, विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। यह मुद्दा मई 2026 में आयोजित मुख्यालय स्तर की स्थायी वार्ता तंत्र (PNM) बैठक और कोटा में आयोजित जोनल एस एंड टी कॉन्फ्रेंस में भी महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के समक्ष रखा गया था। उस दौरान महाप्रबंधक ने शीघ्र GDCE अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया था।
संघ का कहना है कि पश्चिम मध्य रेलवे में काफी समय से GDCE के तहत पदोन्नतियां नहीं हुई हैं, जिससे कई विभागों में रिक्तियों का असर कार्य संचालन पर पड़ रहा है।
प्रस्तावित भर्ती में लगभग 300 सहायक लोको पायलट (ALP), 200 ट्रेन मैनेजर के अलावा स्टेशन मास्टर, सीसीटीसी (CCTC) तथा अन्य विभागों के रिक्त पदों के लिए भी GDCE के तहत विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
संघ का मानना है कि इन पदों पर भर्ती होने से रेलवे संचालन अधिक सुचारु होगा, कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर मिलेंगे और उनके वेतन एवं अन्य आर्थिक लाभों में भी वृद्धि होगी।





