
भोपाल, 29 जुलाई। भोपाल स्थित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने वैश्विक बाजार में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाइजीरिया से गैस टर्बाइन आपूर्ति का अपना अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर प्राप्त किया है। कड़े वैश्विक मुकाबले के बीच यह ऑर्डर अफ्रीका के प्रमुख औद्योगिक समूह डांगोटे समूह की डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज से मिला है।
समझौते के तहत बीएचईएल नाइजीरिया के लिए आठ गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेज की आपूर्ति करेगा। इसके साथ ही कंपनी परियोजना स्थल पर इन टर्बाइनों की स्थापना और कमीशनिंग (चालू करने) की निगरानी भी करेगी। मात्रा और मूल्य, दोनों के लिहाज से यह गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों का बीएचईएल को मिला अब तक का सबसे बड़ा एकल ऑर्डर है।
बीएचईएल अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के लिए उपकरणों का निर्माण कंपनी की हैदराबाद और बेंगलुरु स्थित इकाइयों में किया जाएगा। इस उपलब्धि से वैश्विक ऊर्जा क्षेत्र में बीएचईएल की तकनीकी क्षमता और विश्वसनीयता को नई मजबूती मिलेगी।
चार दशकों का अनुभव, कई देशों में सफल परियोजनाएं
बीएचईएल पिछले चार दशकों से भारत और विदेशों में गैस टर्बाइनों की आपूर्ति कर रही है। कंपनी अब तक लगभग 250 गैस टर्बाइन निर्मित कर चुकी है, जिनमें से 20 प्रतिशत से अधिक विदेशी ग्राहकों को आपूर्ति किए गए हैं।
अफ्रीका में बीएचईएल पहले भी मिस्र, इथियोपिया, लीबिया, रवांडा, सेनेगल और सूडान सहित कई देशों में ऊर्जा परियोजनाओं के लिए उपकरण उपलब्ध करा चुकी है। इसके अलावा कंपनी नाइजीरिया के क्रॉस रिवर स्टेट में 26 मेगावाट गैस टर्बाइन परियोजना का सफलतापूर्वक निष्पादन भी कर चुकी है।
बीएचईएल का मानना है कि यह नया ऑर्डर कंपनी की वैश्विक साख, तकनीकी दक्षता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत करेगा।





