National

भोपाल से नोएडा का हवाई सफर हुआ आसान, इंडिगो ने शुरू की सीधी फ्लाइट सेवा

पहली उड़ान में नोएडा से भोपाल पहुंचे 45 यात्री, वापसी उड़ान से 22 यात्रियों ने किया सफर

भोपाल। राजधानी भोपाल से नोएडा की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बुधवार से भोपाल और नोएडा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने इस रूट पर अपनी यात्री विमान सेवा का शुभारंभ किया।

पहली उड़ान के रूप में इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 7653 नोएडा से रवाना होकर शाम करीब 5:09 बजे भोपाल पहुंची। इस उड़ान में 45 यात्रियों ने सफर किया।

इसके बाद करीब 20 मिनट बाद शाम 5:29 बजे फ्लाइट संख्या 6E 7654 भोपाल से नोएडा के लिए रवाना हुई। भोपाल से नोएडा जाने वाली पहली उड़ान में 22 यात्रियों ने यात्रा की।

प्रतिदिन संचालित होगी फ्लाइट

इंडिगो की यह सेवा अब नियमित रूप से प्रतिदिन निर्धारित समय के अनुसार संचालित की जाएगी। नई हवाई सेवा शुरू होने से भोपाल और नोएडा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को दिल्ली होकर जाने की आवश्यकता कम होगी और समय की बचत होगी।

यह उड़ान सेवा खासतौर पर कारोबार, शिक्षा, नौकरी और अन्य कामों से नोएडा-भोपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक मानी जा रही है।

भोपाल एयर कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती

नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सीधी हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे दोनों शहरों के बीच पर्यटन, व्यापार और निवेश गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles