STDW परियोजना की प्रशिक्षित बेटियों से शोको इशिकावा ने किया संवाद, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा
भोपाल। मध्यप्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल (STDW)’ परियोजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। UN Women India की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव शोको इशिकावा ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की इस पहल को महिला सुरक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक भागीदारी का प्रभावी मॉडल बताया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित वातावरण के विजन के तहत मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित इस परियोजना के अंतर्गत प्रशिक्षित बालिकाओं और महिलाओं से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षित बेटियों के आत्मविश्वास की सराहना
यूएन विमेन इंडिया की प्रतिनिधि शोको इशिकावा ने STDW परियोजना से जुड़ी प्रशिक्षित बालिकाओं से बातचीत कर उनके अनुभव, प्रशिक्षण और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कौशल विकास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षित और समावेशी पर्यटन की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी है, जो इसे जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाती है।
महिला पर्यटकों के लिए सुरक्षित गंतव्य बनाने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर ने कहा कि प्रदेश को महिला पर्यटकों के लिए देश का सबसे सुरक्षित और संवेदनशील पर्यटन गंतव्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता के संयुक्त प्रयासों से पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं और पर्यटन अधिक समावेशी बन रहा है।
हस्तनिर्मित उत्पादों में दिखी आत्मनिर्भरता की कहानी
संवाद कार्यक्रम के दौरान STDW परियोजना से जुड़ी महिलाओं और बालिकाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अतिथियों को स्वयं तैयार किए गए हस्तनिर्मित उपहार भेंट किए।
इनमें हस्तनिर्मित स्मृति चिन्ह, फैब्रिक ज्वेलरी और फेंगशुई कलाकृतियां शामिल थीं। इन उत्पादों ने स्थानीय कला और कौशल को प्रदर्शित करने के साथ यह भी बताया कि परियोजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
कौशल प्रशिक्षण मॉडल को बताया प्रेरणादायक
बैठक के दौरान यूएन विमेन के प्रतिनिधिमंडल ने STDW परियोजना के तहत विकसित कौशल प्रशिक्षण मॉडल, सामुदायिक भागीदारी और महिलाओं में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल को प्रभावी और प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की।
इस अवसर पर यूएन विमेन इंडिया की कंट्री डिप्टी रिप्रेजेंटेटिव कांता सिंह और स्टेट रिप्रेजेंटेटिव जोयात्री राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।