नई दिल्ली। देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही (Q1 FY27) के वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 213.6 प्रतिशत बढ़कर ₹5,253 करोड़ पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह ₹1,675 करोड़ था।
बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (GNPA) अनुपात घटकर 2.78 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए (NNPA) अनुपात 0.28 प्रतिशत पर आ गया। परिचालन लाभ 6.2 प्रतिशत बढ़कर ₹7,519 करोड़ रहा, जबकि शुद्ध ब्याज आय (NII) 2.1 प्रतिशत बढ़कर ₹10,798 करोड़ हो गई।
PNB का वैश्विक कारोबार 10.2 प्रतिशत बढ़कर ₹29.97 लाख करोड़ पहुंच गया। इसमें वैश्विक जमा 8.5 प्रतिशत बढ़कर ₹17.24 लाख करोड़ और वैश्विक ऋण 12.7 प्रतिशत बढ़कर ₹12.73 लाख करोड़ हो गया। बैंक का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (CRAR) बढ़कर 18.13 प्रतिशत और वैश्विक नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 2.50 प्रतिशत दर्ज किया गया।
रिटेल, कृषि और एमएसएमई क्षेत्र में बैंक की ऋण वृद्धि मजबूत रही। आवास ऋण में 11.9 प्रतिशत, वाहन ऋण में 34.4 प्रतिशत, कृषि ऋण में 16.4 प्रतिशत तथा एमएसएमई ऋण में 19.8 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई।
डिजिटल बैंकिंग में भी PNB ने उल्लेखनीय प्रगति की। डिजिटल लेनदेन 24 प्रतिशत बढ़कर 365 करोड़, PNB One के सक्रिय उपयोगकर्ता 270 लाख तथा व्हाट्सएप बैंकिंग उपयोगकर्ता दोगुने होकर 140 लाख पहुंच गए। बैंक के पास 30 जून 2026 तक 10,361 शाखाएं, 10,605 एटीएम, 33,284 बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) प्वाइंट और कुल 54,248 टच प्वाइंट का नेटवर्क है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में भी बैंक का प्रदर्शन बेहतर रहा। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। बैंक ने वित्तीय वर्ष 2026 के दौरान प्रशिक्षण, नवाचार, क्लाइमेट फाइनेंस और डिजिटल बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई राष्ट्रीय पुरस्कार भी हासिल किए।
