हैदराबाद। EBG Group ने बच्चों के खिलौने और लाइफस्टाइल क्षेत्र में ‘Adhira & Appa Toys’ ब्रांड लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी 2026 के अंत तक हैदराबाद में पहला स्टोर खोलने की तैयारी कर रही है। समूह ने 2027 तक देश के प्रमुख शहरों में 50 से अधिक स्टोर खोलने के लिए 50 करोड़ रुपए से अधिक निवेश की योजना बनाई है।
कंपनी के अनुसार, शुरुआती पोर्टफोलियो में बच्चों के लिए 1,335 उत्पाद शामिल होंगे। इनमें STEM और शैक्षणिक खिलौने, रोबोटिक्स व साइंस किट, कंस्ट्रक्शन सेट, पजल्स, बोर्ड गेम्स, आर्ट एंड क्राफ्ट, डॉल्स, एक्शन फिगर्स, रिमोट कंट्रोल वाहन, प्लश टॉयज, आउटडोर प्ले उत्पाद और कलेक्टिबल्स शामिल हैं। उत्पाद शैशवावस्था से लेकर प्री-टीन आयु वर्ग के बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
EBG Group के फाउंडर और चेयरमैन डॉ. इरफान खान ने कहा कि ब्रांड का उद्देश्य बच्चों के लिए ऐसे खिलौने उपलब्ध कराना है, जो मनोरंजन के साथ जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने को बढ़ावा दें। उन्होंने बताया कि कंपनी भारतीय मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर्स के साथ काम कर रही है।
ब्रांड के विस्तार की योजना में केवल खिलौनों की बिक्री ही नहीं, बल्कि गेम जोन, अनुभवात्मक प्ले एरिया, लर्निंग और क्रिएटिव वर्कशॉप, गिफ्टिंग तथा बच्चों के मर्चेंडाइज भी शामिल हैं। कंपनी डिजिटल और ओम्नीचैनल प्लेटफॉर्म विकसित करने की भी योजना बना रही है।
कंपनी के अनुसार, वह घरेलू और क्षेत्रीय स्तर पर सोर्सिंग बढ़ाने के साथ पुन: उपयोग और रिसाइकिल होने वाली पैकेजिंग को बढ़ावा देने पर भी काम करेगी। इसके लिए राजकोट स्थित भारतीय खिलौना निर्माता Aditi Toys के साथ काम किया जा रहा है।
कंपनी ने केंद्र सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत खिलौनों का शुद्ध निर्यातक बना। उसके अनुसार इस अवधि में खिलौनों के आयात में 37.5 प्रतिशत की कमी और निर्यात में 89.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई।
