एमएसएमई आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम ने किया निरीक्षण, बिजली-पानी और सड़क जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश
भोपाल, 19 सितंबर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम ने भोपाल जिले में विकसित किए जा रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र अगरिया छापर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और काम पूरा होने की समय-सीमा की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, भोपाल और मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अधिकारियों ने निर्माणाधीन कार्यों, विकसित की जा रही नागरिक व तकनीकी सुविधाओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी आयुक्त को दी।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र का विकास निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले उद्यमियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास प्राथमिकता से किया जाए। निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन कराने और गुणवत्ता की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
कुमार पुरुषोत्तम ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत अधोसंरचना जरूरी है। अगरिया छापर में आवश्यक सुविधाएं विकसित होने से नए उद्योगों की स्थापना और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
औद्योगिक क्षेत्र के पूरी तरह विकसित होने से भोपाल संभाग में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है।
