इंडियन बैंक के स्थापना दिवस पर एमएसएमई को ₹500 करोड़ के ऋण मंजूर, यूनिफाइड एमएसएमई पोर्टल लॉन्च

नई दिल्ली, 6 अगस्त। इंडियन बैंक ने अपने 120वें स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में करीब 500 करोड़ रुपये के एमएसएमई ऋण मंजूर किए। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बिनोद कुमार ने 128 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे।

बैंक ने बताया कि स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान देशभर में मेगा लोन मेला, डिजिटल बैंकिंग कार्यक्रम, ग्राहक संपर्क अभियान और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस अवधि में 1,250 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्ताव भी जुटाए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान इंडियन बैंक ने यूनिफाइड एमएसएमई पोर्टल का शुभारंभ किया। बैंक के अनुसार यह डिजिटल प्लेटफॉर्म एमएसएमई ग्राहकों को सरल, तेज और एकीकृत बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

सीएसआर गतिविधियों के तहत बैंक ने नैना एक्टिविटी एजुकेशन सोसाइटी को व्हीलचेयर तथा साक्षी एनजीओ को सिलाई मशीनें प्रदान कीं, ताकि दिव्यांगजन, आजीविका और सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एवं सीईओ बिनोद कुमार ने कहा कि इंडियन बैंक ग्राहक-केंद्रित और प्रौद्योगिकी आधारित बैंकिंग के माध्यम से समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बैंक ने वर्ष 2032 तक 35 लाख करोड़ रुपये के व्यवसाय का लक्ष्य निर्धारित किया है और वित्तीय समावेशन, एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (रिटेल एसेट्स एवं एमएसएमई) सुजय मल्लिक, क्षेत्र महाप्रबंधक अजय अग्रवाल और अंचल प्रबंधक पवन कुमार बैद्य सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version