इंडियन बैंक ने आरएएम क्षेत्र में ₹1,220 करोड़ के ऋण बांटे, एमएसएमई को मिले ₹615 करोड़

मुंबई, 13 अगस्त 2026। इंडियन बैंक ने अपने 120वें स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मुंबई में मेगा ऋण संवितरण एवं ग्राहक संपर्क शिविर आयोजित किया। इसमें महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के लाभार्थियों को खुदरा, कृषि और एमएसएमई (आरएएम) क्षेत्रों के तहत कुल ₹1,220 करोड़ के ऋण संस्वीकृति-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बिनोद कुमार ने किया। उन्होंने लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। कुल स्वीकृत राशि में से ₹615 करोड़ एमएसएमई क्षेत्र के लिए मंजूर किए गए।

बिनोद कुमार ने कहा कि बैंक खुदरा, कृषि और एमएसएमई क्षेत्रों में ग्राहक-केंद्रित सेवाओं और नए प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों, आम लोगों और उद्यमियों को समय पर पर्याप्त ऋण उपलब्ध कराना जरूरी है, क्योंकि ये क्षेत्र रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बैंक के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य आरएएम क्षेत्र में अपनी पहुंच मजबूत करना और आम लोगों, किसानों तथा छोटे कारोबारियों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है।

सीएसआर के तहत भी किए कार्यक्रम

इंडियन बैंक के 120वें स्थापना दिवस के तहत देशभर में विभिन्न कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुंबई में विक्टोरिया मेमोरियल स्कूल फॉर द ब्लाइंड को कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य जरूरी सामग्री दी गई। वहीं कोचीन में आयोजित कार्यक्रम में कोचीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CUSAT) में खेल गतिविधियों के विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

Exit mobile version