दो करोड़ से 100 करोड़ पार, ‘हनुमान अंश’ ने रचा इतिहास

नई दिल्ली। ”जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करै सब कोई…” नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी शुरुआत में शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी। बेहद धीमी शुरुआत के बाद फिल्म की कमाई लगातार बढ़ती गई और महज 30 दिनों में इसने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।
करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर केवल करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी। पहले दो सप्ताह तक फिल्म की रफ्तार भी धीमी रही, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चा ने फिल्म की कमाई को अचानक रफ्तार दे दी।
फिल्म ने चौथे सप्ताह में जबरदस्त छलांग लगाई। 29वें दिन तक इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 97.99 करोड़ रुपये पहुंच चुका था और इसके बाद 30वें दिन फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई फिल्म
फिल्म की सफलता के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने के बाद कहा कि इसके माध्यम से दर्शकों को नीम करौली बाबा की तपस्या, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी गहरी आस्था को समझने का अवसर मिलता है।
कम बजट, बिना बड़े स्टार और धीमी शुरुआत के बावजूद 100 करोड़ क्लब में पहुंची ‘हनुमान अंश’ अब 2026 की सबसे चौंकाने वाली बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल हो गई है।





