eBikeGo का बड़ा प्लान: 12 महीने में देशभर में खुलेंगे 50 इंटीग्रेटेड साइकिल स्टोर, ₹35 करोड़ से ज्यादा का निवेश

कोयंबटूर, हैदराबाद और बेंगलुरु से होगी शुरुआत; 300 प्रत्यक्ष और 500-700 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करने का दावा
राष्ट्रीय, 3 सितंबर 2026। EBG Group की कंपनी eBikeGo ने भारत में अपने कारोबार के विस्तार की बड़ी योजना का ऐलान किया है। कंपनी अगले 12 महीनों में देशभर में 50 इंटीग्रेटेड साइकिल स्टोर शुरू करेगी। इस विस्तार के लिए समूह ने ₹35 करोड़ से अधिक निवेश की योजना बनाई है। कंपनी का कहना है कि इससे 300 से ज्यादा प्रत्यक्ष नौकरियां और 500 से 700 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
eBikeGo के मुताबिक, नए स्टोर पारंपरिक साइकिल दुकानों से अलग एकीकृत मोबिलिटी हब के तौर पर विकसित किए जाएंगे। यहां ग्राहकों को साइकिल और ई-बाइक की बिक्री के साथ रेंटल, सर्विसिंग, स्पेयर पार्ट्स और फ्लीट मोबिलिटी सॉल्यूशंस एक ही जगह उपलब्ध होंगे।
तीन शहरों से होगी शुरुआत
कंपनी के 50 स्टोर वाले नेटवर्क की शुरुआत कोयंबटूर, हैदराबाद और बेंगलुरु में पायलट लॉन्च से होगी। इन बाजारों में ऑपरेटिंग मॉडल का परीक्षण और उसमें सुधार करने के बाद कंपनी दूसरे शहरों में विस्तार करेगी।
eBikeGo ने मेट्रो-फर्स्ट और क्लस्टर-आधारित रणनीति अपनाने की योजना बनाई है। कंपनी के अनुसार, शुरुआती 15 फाउंडिंग स्टोर नेटवर्क की शुरुआती मौजूदगी स्थापित करने के साथ उत्पादों की उपलब्धता, ऑपरेशनल डेंसिटी और बिक्री के बाद की सेवाओं को मजबूत करने में मदद करेंगे।
बिक्री से लेकर सर्विस और रेंटल तक एक ही जगह
कंपनी का कहना है कि eBikeGo Stores में बच्चों, छात्रों, कामकाजी पेशेवरों, फिटनेस प्रेमियों, परिवारों, गिग वर्कर्स, डिलीवरी पार्टनर्स, व्यवसायों और संस्थागत ग्राहकों को ध्यान में रखकर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्टोर को कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म store.ebikego.com से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य ट्रांजैक्शन और ग्राहक सहायता के लिए एक साझा टेक्नोलॉजी सिस्टम तैयार करना है।
कंपनी के अनुमान के मुताबिक, नेटवर्क के पूरी तरह विकसित होने के बाद हर साल 5 लाख से अधिक ग्राहक इंटरैक्शन और 1 लाख से ज्यादा मोबिलिटी ट्रांजैक्शन हो सकते हैं।
250W इलेक्ट्रिक-असिस्ट साइकिलों पर फोकस
eBikeGo के मौजूदा पोर्टफोलियो में eBikeGo City, eBikeGo Flare, eBikeGo Flare Pro, eBikeGo Fold, eBikeGo Momentum और eBikeGo Horizon जैसे मॉडल शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, 250W इलेक्ट्रिक-असिस्ट साइकिलों को कम्यूटिंग, फोल्डेबल अर्बन मोबिलिटी, गिग वर्क और प्रीमियम रिक्रिएशनल राइडिंग जैसे उपयोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मॉडल और राइडिंग मोड के आधार पर इनमें 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक की असिस्टेड स्पीड और अनुमानित 35 से 55 किलोमीटर तक की रेंज का दावा किया गया है। कुछ मॉडलों में रिमूवेबल बैटरी, Shimano गियरिंग और फोल्डेबल डिजाइन भी दिया गया है।
EBG Group के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. इरफान खान ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक साइकिल को लेकर लोगों की धारणा बदल रही है। अब इसका इस्तेमाल फिटनेस और मनोरंजन के साथ-साथ ऑफिस आने-जाने, छात्रों की मोबिलिटी और गिग वर्क जैसे क्षेत्रों में भी बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि eBikeGo Stores के जरिए कंपनी इलेक्ट्रिक और पारंपरिक साइकिलों को अधिक सुलभ बनाने के साथ बिक्री के बाद बेहतर सर्विस और ग्राहक अनुभव उपलब्ध कराने पर ध्यान देगी।
1,500 से ज्यादा स्टोर का है लंबी अवधि का लक्ष्य
eBikeGo ने लंबी अवधि में 1,500 से अधिक स्टोर वाला राष्ट्रीय मोबिलिटी नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए कंपनी पूंजी-कुशल और पार्टनर आधारित विस्तार मॉडल अपनाने की योजना बना रही है।
कंपनी का कहना है कि इस नेटवर्क के जरिए साइकिल और इलेक्ट्रिक साइकिल को भारत में रोजमर्रा के शहरी परिवहन का व्यावहारिक विकल्प बनाने की दिशा में काम किया जाएगा





