13 लाख से अधिक युवा खिलाड़ियों को मिला व्यक्तिगत कोचिंग अनुभव, 11 करोड़ से ज्यादा माताओं तक पहुंचने का दावा
नई दिल्ली। डाबर इंडिया लिमिटेड ने अपने हेल्थ सप्लीमेंट ब्रांड डाबर ग्लूकोप्लस-सी के लिए नया डिजिटल अभियान ‘दादाज़ पावर कोचिंग कैंप’ लॉन्च किया है। इस अभियान में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को जेनरेटिव एआई तकनीक के माध्यम से युवा खिलाड़ियों के व्यक्तिगत मार्गदर्शक के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
कंपनी के अनुसार, यह अभियान पारंपरिक सेलिब्रिटी विज्ञापन मॉडल से अलग है, जिसमें एक ही संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जाता है। इसमें एआई तकनीक की मदद से बच्चों की खेल रुचि और उनकी चुनौतियों के आधार पर व्यक्तिगत संदेश तैयार किए गए हैं।
मां और बच्चे के खेल सफर को बनाया केंद्र
कंपनी ने बताया कि अभियान एक उपभोक्ता अंतर्दृष्टि पर आधारित है, जिसमें मां को बच्चे के खेल सफर का अहम हिस्सा माना गया है। अभियान के तहत माताओं को मेटा प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से अपने बच्चे का नाम, खेल और खेल से जुड़ी चुनौती साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया।
इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक व्यक्तिगत वीडियो प्राप्त होता है, जिसमें सौरव गांगुली बच्चे का नाम लेकर उसके खेल और चुनौती के अनुरूप प्रेरणादायक संदेश और सुझाव देते हैं।
एआई से तैयार हुए 250 से अधिक कंटेंट संयोजन
डाबर इंडिया के अनुसार, जेनरेटिव एआई आधारित इस अभियान में 250 से अधिक अलग-अलग कंटेंट संयोजन तैयार किए गए। कंपनी का दावा है कि इसके माध्यम से 13 लाख से अधिक व्यक्तिगत कोचिंग अनुभव उपलब्ध कराए गए और देशभर में 11 करोड़ से अधिक माताओं तक पहुंच बनाई गई।
ऊर्जा और खेल प्रदर्शन से जोड़ रहा ब्रांड
अभियान में डाबर ग्लूकोप्लस-सी को सक्रिय बच्चों की जरूरतों से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। कंपनी के अनुसार, इसमें अतिरिक्त ऊर्जा के लिए 20 प्रतिशत अधिक ग्लूकोज के साथ छह आवश्यक विटामिन और मिनरल्स शामिल हैं, जो बच्चों की सक्रिय जीवनशैली, रिकवरी और ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
डाबर ने कहा- सेलिब्रिटी से आगे व्यक्तिगत जुड़ाव की पहल
डाबर इंडिया लिमिटेड के हेल्थ सप्लीमेंट्स मार्केटिंग प्रमुख अमित गर्ग ने कहा कि सेलिब्रिटी आधारित संचार अब तक बड़े स्तर पर एकतरफा संदेश तक सीमित रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जेनरेटिव एआई की मदद से सौरव गांगुली को बच्चों और माताओं के लिए अधिक व्यक्तिगत और संवादात्मक तरीके से उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि अभियान में तकनीक का उपयोग केवल उत्पाद प्रचार के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के महत्वपूर्ण खेल क्षणों को प्रेरणा और मार्गदर्शन से जोड़ने के लिए किया गया है।
सौरव गांगुली बोले- सही समय पर प्रेरणा बदल सकती है सोच
सौरव गांगुली ने कहा कि खेल में प्रतिभा के साथ निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की भी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे की अपनी अलग क्षमता और चुनौतियां होती हैं, इसलिए व्यक्तिगत मार्गदर्शन अधिक प्रभावी हो सकता है।
उन्होंने एआई आधारित इस पहल को बच्चों तक प्रेरणा और सकारात्मक संदेश पहुंचाने का नया माध्यम बताया।
डाबर इंडिया के डिजिटल मार्केटिंग लीड अभिषेक मेहता ने कहा कि आज के उपभोक्ता अपनी जरूरतों के अनुरूप अनुभव चाहते हैं और एआई तकनीक बड़े स्तर पर व्यक्तिगत जुड़ाव बनाने में मदद कर रही है।
यह अभियान मुख्य रूप से उत्तर और पूर्वी भारत में संचालित किया जा रहा है। इसके क्रियान्वयन में स्टारकॉम इंडिया (पब्लिसिस ग्रुप) ने मीडिया पार्टनर, ट्रूफैन ने टेक्नोलॉजी पार्टनर और ब्रांडशीप ने क्रिएटिव पार्टनर के रूप में सहयोग किया है।