उद्योग जगत, शिक्षाविदों और प्रबंधन विशेषज्ञों ने नेतृत्व विकास व रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर रखे विचार
भोपाल। ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (AIMA) से संबद्ध भोपाल मैनेजमेंट एसोसिएशन (BMA) ने अपना 21वां स्थापना दिवस मंडीदीप स्थित अनंत स्पिनिंग मिल्स में उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया। कार्यक्रम में प्रबंधन क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और एसोसिएशन के सदस्यों ने सहभागिता की।
समारोह की शुरुआत बीएमए अध्यक्ष राजेश तिवारी के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने संस्था की 21 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और प्रबंधन क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने एसोसिएशन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सदस्यों और पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की।
बीएमए के मानद सचिव शंकर कृष्णन ने मुख्य अतिथि और वक्ताओं का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया।
नेतृत्व विकास और व्यावसायिक उत्कृष्टता पर जोर
मुख्य अतिथि दीपक मित्तल ने अपने संबोधन में बीएमए के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता के लिए बेहतर नेतृत्व, समय के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता और कर्मचारियों की संतुष्टि महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने सही समय पर सही उत्पाद उपलब्ध कराने, कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने और कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
रोजगारोन्मुखी शिक्षा और विकसित भारत पर चर्चा
कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता राजीव अंगरा और आर.के. सिंह ने रोजगारोन्मुखी शिक्षा की जरूरत और विकसित भारत के लक्ष्य में उद्योग एवं शिक्षा जगत की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
बीएमए के संस्थापक अध्यक्ष भरत पटेल ने संस्था की निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए इंडस्ट्री चैप्टर स्थापित करने का सुझाव दिया।
डॉ. राजीव अग्रवाल ने बीएमए की भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए छात्र चैप्टरों की भूमिका और युवाओं को प्रबंधन क्षेत्र से जोड़ने के प्रयासों पर जानकारी दी।
सड़क सुरक्षा और अंगदान पर विशेषज्ञ व्याख्यान
कार्यक्रम में जी.एस. यादव ने सड़क और औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विचार रखे। वहीं डॉ. सौरभ शर्मा ने अंगदान के महत्व, जरूरत और समाज पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन शंकर कृष्णन और पूजा जैन ने किया।
इस अवसर पर जी.के. छिब्बर, आर.जी. द्विवेदी, शैलेन्द्र ओझा, सुनील भार्गव और एन.के. छिब्बर सहित बड़ी संख्या में प्रबंधन पेशेवर और बीएमए सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का समापन मनोज झा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, वक्ताओं, प्रतिभागियों और अनंत स्पिनिंग मिल्स प्रबंधन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
21वें स्थापना दिवस समारोह ने प्रबंधन शिक्षा, उद्योग संवाद, नेतृत्व विकास और पेशेवर नेटवर्किंग को मजबूत करने के लिए बीएमए की प्रतिबद्धता को दोहराया।