अमृत भारत स्टेशन योजना से बदला विदिशा रेलवे स्टेशन का स्वरूप, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

29.46 करोड़ की लागत से हुआ पुनर्विकास, विदिशा स्टेशन बना आधुनिक और दिव्यांगजन अनुकूल

भोपाल। मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाला विदिशा रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर नए स्वरूप में तैयार हो गया है। भारतीय रेल की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विदिशा रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण एवं उन्नयन कार्य पूरा कर लिया गया है। भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाला यह स्टेशन अब यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार विदिशा स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 29.46 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया गया है, वहीं प्लेटफॉर्म क्रमांक 1, 2, 3 और 4 पर नए कवर ओवर शेड और शेड विस्तार का कार्य भी पूरा किया गया है। स्टेशन भवन के अग्रभाग और आंतरिक हिस्सों को आधुनिक डिजाइन के अनुरूप विकसित किया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालयों और शौचालयों का नवीनीकरण किया गया है। इसके साथ ही स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार का भी विकास किया गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज और नए स्टेशन भवन का निर्माण भी किया गया है।

दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। यहां रैंप, टैक्टाइल पाथ और बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है।

सौरभ कटारिया ने बताया कि विदिशा स्टेशन का पुनर्विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा किया गया है। इससे न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Exit mobile version