पश्चिम मध्य रेलवे के हिमांशु अग्रवाल को “उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार” से सम्मानित

सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी रेल दुर्घटना, महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर हिमांशु अग्रवाल को “उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार” प्रदान कर सम्मानित किया। हिमांशु अग्रवाल की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता से एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल 2026 को खंडवा में मालगाड़ी संचालन के दौरान हिमांशु अग्रवाल ने लोको संख्या 31224 का चार्ज लेने के बाद वैगनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्हें रिसाव की आवाज सुनाई दी। जांच करने पर पता चला कि रिसाव ब्रेक पाइप से नहीं बल्कि वैगन के ऊपरी हिस्से में स्थित डोम कवर से हो रहा था। संबंधित रेक के 30 वैगनों में पीओएल गैस भरी हुई थी, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

हिमांशु अग्रवाल ने तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा उपायों के तहत यात्री ट्रेनों को खंडवा स्टेशन के बाहर रोका गया। साथ ही फायर ब्रिगेड की व्यवस्था और ओएचई सप्लाई बंद कर दी गई। बाद में प्रभावित वैगन को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

रेल प्रशासन ने उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सजगता की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

Exit mobile version