93 खरीदी केंद्रों पर तेजी से चल रही गेहूं तुलाई, 2.58 लाख मीट्रिक टन से अधिक खरीद
भोपाल। राजधानी भोपाल में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य लगातार जारी है। जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों पर किसानों से गेहूं खरीदी और तुलाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बुधवार तक जिले में कुल 37,407 किसानों का पंजीयन दर्ज किया गया है, जबकि 93 खरीदी केंद्रों के माध्यम से गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया संचालित हो रही है।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 34,988 स्लॉट जारी किए जा चुके हैं, जिनमें 29,071 किसानों ने गेहूं विक्रय किया। जिले में अब तक कुल 2 लाख 58 हजार 715 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। वहीं खरीदे गए गेहूं में से 2 लाख 36 हजार 283 मीट्रिक टन गेहूं का परिवहन भी किया जा चुका है।
सरकार द्वारा खरीदी गई उपज के बदले किसानों को 679 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाना है, जिसमें से अब तक 517 करोड़ रुपए किसानों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। हालांकि 221 ईपीओ आदेश अभी डिजिटल हस्ताक्षर के लिए लंबित हैं, जिनकी राशि करीब 18.06 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
इसके अलावा 3,726 मीट्रिक टन गेहूं के स्वीकृति पत्रक भी लंबित हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।