वोकल फॉर लोकल का दिया संदेश, लोगों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने की अपील
भोपाल। दीपावली के अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सपरिवार सागर स्थित अपने वार्ड के बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से त्योहार की जरूरत का सामान खरीदा और लोगों को वोकल फॉर लोकल का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली की खरीदारी स्थानीय बाजारों और छोटी दुकानों से करें, ताकि छोटे व्यापारियों और कारीगरों को आर्थिक मदद मिल सके।
मंत्री राजपूत ने कहा कि दीपावली केवल अपने घर को रोशन करने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियां लाने का अवसर है। स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदने पर इसका सीधा लाभ उनके परिवारों को मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान का उद्देश्य देश में बने उत्पादों और स्वदेशी सामान को बढ़ावा देना है। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों, हस्तशिल्पकारों और कारीगरों को अपना कारोबार आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी तभी मजबूत होगा, जब लोग रोजमर्रा की खरीदारी में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएंगे।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यापार, उद्योग, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश के लोगों से अपील की कि इस दीपावली मिट्टी के दीपक बनाने वाले कुम्हारों, सजावटी सामान तैयार करने वाले कारीगरों और छोटे दुकानदारों से खरीदारी को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हमारी छोटी-सी खरीदारी भी किसी स्थानीय परिवार की दीपावली को खुशहाल बना सकती है।
