भोपाल। संभाग में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और संबंधित विभागों ने अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए 426.80 किलो गांजा जब्त किया है। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 134 प्रकरण दर्ज कर 249 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विदिशा जिले में गांजे के 22 पौधे भी जब्त किए गए हैं।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वय से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिलेवार कार्रवाई में सबसे ज्यादा गांजा राजगढ़ में पकड़ा गया। यहां से 241.106 किलो गांजा जब्त किया गया। विदिशा में 117.718 किलो, सीहोर में 42.411 किलो, रायसेन में 15.295 किलो और भोपाल ग्रामीण क्षेत्र में 10.273 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा विदिशा में गांजे के 22 पौधे भी मिले।
राजगढ़ में सबसे ज्यादा बरामदगी
आंकड़ों के अनुसार, कुल जब्त गांजे में आधे से अधिक राजगढ़ जिले से बरामद हुआ है। संभाग में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कार्रवाई करने की बात कही गई है।
