सुरखी विधानसभा में 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

चार गांवों में सड़क, पेयजल और नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, जैसीनगर में आधार केंद्र शुरू

भोपाल। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में 10 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने सेमरा गोपालमन, चादौनी, करैया और जैसीनगर में विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत की। जैसीनगर में आधार केंद्र का भी शुभारंभ किया गया। इन कार्यों में सड़क और पहुंच मार्ग निर्माण, पेयजल के लिए पानी की टंकी, नाली और चबूतरा निर्माण सहित अन्य काम शामिल हैं। इनके पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल और जल निकासी की सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और आवास जैसी सुविधाएं ग्रामीण विकास का आधार हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक पहुंचे।

केंद्र और प्रदेश की योजनाओं का किया उल्लेख

मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छ ईंधन और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उनके अनुसार, सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भी प्रयास कर रही है।

सांसद ने विकास कार्यों की सराहना की

कार्यक्रम में सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न गांवों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की क्षेत्र में सक्रियता और लोगों से उनके जुड़ाव का उल्लेख किया। सांसद ने कहा कि सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को लाभ मिलेगा मंत्री राजपूत ने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और गांवों में सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा।

Exit mobile version