निगम आयुक्त ने अधिकारियों को दिखाई सफाई की जमीनी हकीकत, मशीनों से कराई धूल की सफाई

प्रेमपुरा घाट और भदभदा ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण, प्रतिमा अवशेषों के पुन: उपयोग और कचरे को रिसाइकिल करने के निर्देश

भोपाल, 22 अक्टूबर। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गुरुवार सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों और बिजली के खंभों के आसपास जमा धूल-मिट्टी को अधिकारियों को दिखाया। इसके बाद रोड स्वीपिंग मशीन और इलेक्ट्रिक रोड स्वीपर बुलाकर अपने सामने सफाई कराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों की सफाई नियमित रूप से मशीनों से कराई जाए और इस दौरान यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।

आयुक्त ने करीब दो घंटे तक टीटी नगर, रोशनपुरा, जीटीबी कॉम्प्लेक्स, बेतवा अपार्टमेंट, न्यू मार्केट और नेहरू नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज, डिवाइडर और फुटपाथों की सफाई बेहतर बनाने के साथ डिवाइडरों की पुताई कराने और पौधों की छंटाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेंट्रल वर्ज और साइड वर्ज में नए पौधे लगाने तथा उनकी नियमित सिंचाई कराने को भी कहा।

फुटपाथों से वाहन और ठेले हटाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ठेले-गुमठियों को पीछे हटवाने और बाणगंगा क्षेत्र में फुटपाथों से वाहन हटाने के निर्देश दिए। रंगमहल से न्यू मार्केट तक सड़क किनारे खड़े ठेलों को हटाकर सफाई कराने तथा जीटीबी कॉम्प्लेक्स स्थित पार्क की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे (सीएंडडी वेस्ट) को तत्काल उठाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए सुबह 6 से 9 बजे के बीच हर घंटे कर्मचारियों की उपस्थिति की रिपोर्ट देने को कहा।
प्रेमपुरा घाट पर प्रतिमा अवशेषों के पुन: उपयोग पर जोर

आयुक्त ने प्रेमपुरा विसर्जन घाट का निरीक्षण कर दुर्गा प्रतिमाओं के अवशेषों को व्यवस्थित तरीके से जलाशय से निकालने और घाट की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं से निकलने वाले बांस सहित उपयोगी सामग्री को फेंकने के बजाय उद्यानिकी कार्यों में इस्तेमाल किया जाए।

कचरे से कागज की डायरी और नोटबुक बनाने की योजना

भदभदा स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कचरे के पृथक्कीकरण और उसके अलग-अलग घटकों के पुनर्चक्रण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेशन पर आने वाले कचरे में शामिल सभी उपयोगी सामग्रियों को रिसाइकिल करने की व्यवस्था बनाई जाए। कागज को रिसाइकिल कर डायरी और नोटबुक बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, अतिक्रमण दस्ते के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version