देवास में अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 400 मोबाइल और 6 लाख रुपये नकद जब्त; सीहोर में सबसे ज्यादा 493 फोन मिले

प्रदेश में अक्टूबर में अब तक 1899 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अक्टूबर में अब तक प्रदेश के विभिन्न जिलों और जीआरपी की कार्रवाई में गुम एवं चोरी हुए 1,899 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को तलाशकर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया है। इस दौरान मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

सीहोर में पुलिस ने करीब 78 लाख रुपये कीमत के 493 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें से 260 फोन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम और 233 संबंधित थानों के माध्यम से मालिकों को सौंपे गए।

देवास पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामलों की जांच में पांच राज्यों के 22 जिलों में फैले गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये कीमत के 400 मोबाइल फोन और 6 लाख रुपये नकद जब्त किए।

छतरपुर में ऑपरेशन विश्वास के तहत 256, राजगढ़ में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत 251 और सतना में 245 मोबाइल फोन बरामद किए गए। राजगढ़ में बरामद मोबाइल की कीमत करीब 41.34 लाख रुपये बताई गई है। जबलपुर पुलिस ने भी 25 लाख रुपये कीमत के 152 मोबाइल फोन तलाशकर उनके मालिकों को लौटाए।

इंदौर में तिलक नगर, खजराना और लसूड़िया पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग कार्रवाई में 59 मोबाइल फोन बरामद किए। दतिया में मोबाइल दुकान से चोरी हुए 42 फोन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के 30 मोबाइल बरामद किए हैं। शेष फोन की तलाश जारी है।

ग्वालियर जीआरपी ने दो मामलों में 13 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें तीन आरोपियों से चार मोबाइल और नकदी सहित 1,13,299 रुपये की संपत्ति जब्त की गई, जबकि एक अन्य आरोपी से नौ मोबाइल मिले।

मोबाइल गुम होने पर क्या करें

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद CEIR पोर्टल पर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक कराने और तलाशने की प्रक्रिया अपनाएं। किसी अनजान व्यक्ति के भेजे संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अज्ञात APK फाइल डाउनलोड करने से बचें और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें।

Exit mobile version