State

भोपाल में 7 पेटी अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, एक्सेस वाहन भी जब्त

अयोध्यानगर पुलिस की कार्रवाई, ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के तहत 54 लीटर देशी शराब बरामद

भोपाल। राजधानी भोपाल की अयोध्यानगर थाना पुलिस ने “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 7 पेटी (54 लीटर) देशी शराब और एक एक्सेस वाहन सहित गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.65 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक एक्सेस वाहन से झुग्गी बस्तियों में अवैध शराब की सप्लाई करने जा रहा है। सूचना के आधार पर 20 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोहम्मद समीर खान (19) निवासी रोशनपुरा झुग्गी, भोपाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 300 क्वार्टर देशी मसाला शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी झुग्गी बस्तियों में अवैध रूप से शराब की बिक्री के उद्देश्य से शराब ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध इसी वर्ष आबकारी अधिनियम के तहत एक अन्य प्रकरण भी दर्ज है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास सहवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त दिव्या झारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा कि शहर में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles