तंबाकू मुक्त समाज के लक्ष्य की ओर बढ़ता भोपाल, स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम
भोपाल, 31 मई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भोपाल जिले में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के दौरान यह जानकारी दी गई कि जिले के 291 स्कूलों और 32 गांवों को टोबैको फ्री घोषित किया जा चुका है, जो तंबाकू नियंत्रण और जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जेपी जिला चिकित्सालय भोपाल में “आकर्षण का पर्दाफाश : तंबाकू की लत का मुकाबला” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन 25 से 31 मई तक मनाए जा रहे विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत किया गया।
जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन, आरएमओ प्रमेन्द्र शर्मा, राष्ट्रीय तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र के जिला नोडल अधिकारी डॉ. ज्योतिर्मय चक्रवर्ती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, परामर्शदाता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस के माध्यम से पूरे शहर में तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वाहन पर लगाए गए संदेशों और बैनरों के जरिए लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
छात्रों और युवाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों और स्कूली बच्चों के लिए “नशे के विरुद्ध” विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पोस्टर, भाषण और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
गर्भवती महिलाओं को दी गई विशेष सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन करने वाले लोगों को खैनी और गुटखा जैसी आदतों से दूर रहने तथा सौंफ, अदरक, नींबू-पानी, गुड़ और मूंगफली जैसे अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प अपनाने की सलाह दी। इस दौरान महिलाओं को “तंबाकू मुक्त प्रेग्नेंसी” की शपथ भी दिलाई गई।
विशेष परामर्श सत्रों में गर्भवती महिलाओं और अन्य नागरिकों को तंबाकू के स्वास्थ्य संबंधी खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
तंबाकू से बढ़ता है गंभीर बीमारियों का खतरा
विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू सेवन उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, स्ट्रोक, मुंह के कैंसर, श्वसन रोगों और कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है। महिलाओं में इसके कारण बांझपन, माहवारी संबंधी अनियमितताएं तथा गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं का जोखिम भी बढ़ जाता है।
कार्यक्रम में इच्छुक लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया तथा पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) उपलब्ध कराई गई।
नशा मुक्ति के लिए हेल्पलाइन और सहायता उपलब्ध
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से तंबाकू की लत छोड़ने के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय तंबाकू त्याग हेल्पलाइन 1800-11-2356 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा अस्पताल में निःशुल्क नशामुक्ति परामर्श एवं निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026: भोपाल के 291 स्कूल और 32 गांव हुए टोबैको फ्री, जागरूकता अभियान को मिली नई गति
