आचार्य विद्यासागर महाराज पर 27 नवंबर को जारी होगी स्मारक डाक टिकट श्रृंखला

विद्योदय तीर्थ में होगा लोकार्पण समारोह, आचार्य समयसागर महाराज का मिलेगा ससंघ सान्निध्य; केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल

भोपाल। संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज के आध्यात्मिक, सामाजिक और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने के लिए भारत सरकार स्मारक डाक टिकट जारी करेगी। इन टिकटों का लोकार्पण 27 नवंबर को हबीबगंज स्थित विद्योदय तीर्थ क्षेत्र में आयोजित समारोह में होगा। कार्यक्रम में आचार्य समयसागर महाराज का ससंघ सान्निध्य प्राप्त होगा। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

श्री दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता में बताया कि समारोह में डाक टिकटों के साथ प्रथम दिवस आवरण, विशेष मुहर, मिनिएचर शीट सेट और हिंदी-अंग्रेजी में आचार्यश्री के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित विवरणिका भी जारी की जाएगी।

आचार्य विद्यासागर महाराज ने अपना जीवन त्याग, तपस्या, संयम और मानव कल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा, स्वदेशी, हथकरघा, गौसंरक्षण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में समाज को प्रेरित किया। उनकी साहित्यिक कृति मूक माटी भी विशेष पहचान रखती है।

इस आयोजन को जैन समाज के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। आयोजकों ने देशभर के श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से समारोह में शामिल होने की अपील की है।

Exit mobile version