कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का शुभारंभ, पर्यटकों को मिलेगा जंगल सफारी और एडवेंचर का अनुभव

त

ीन दिन और दो रातों का विशेष पैकेज तैयार, स्थानीय कला-संस्कृति, लोक संगीत और पारंपरिक व्यंजनों का भी ले सकेंगे आनंद

भोपाल। श्योपुर जिले के ग्राम रानीपुरा में कूनो राष्ट्रीय उद्यान के समीप कूनो फॉरेस्ट रिट्रीट के तीसरे संस्करण का शुभारंभ हुआ। यहां प्राकृतिक वातावरण के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेंट सिटी तैयार की गई है। पर्यटक ऑल-सीजन स्विस टेंट में लग्जरी ग्लेम्पिंग के साथ जंगल सफारी, साहसिक खेल और स्थानीय संस्कृति का अनुभव कर सकेंगे।

वर्ष 2023 में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य कूनो को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि प्रदेश की वन्यजीव संपदा और प्राकृतिक विविधता पर्यटकों को आकर्षित करती है। सरकार राष्ट्रीय उद्यानों के आसपास पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी के साथ पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।

रिट्रीट में पर्यटकों के लिए हाई-रोप कोर्स, तीरंदाजी, एयरगन शूटिंग, साइकिलिंग, बैटरी कार और एटीवी राइडिंग जैसी गतिविधियां रखी गई हैं। इसके अलावा गांव का भ्रमण, स्थानीय कला-शिल्प कार्यशालाएं, लोक संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद भी मिलेगा।

तीन दिन का विशेष पर्यटन पैकेज

यहां तीन दिन और दो रातों का अनुभव आधारित कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें जंगल सफारी, नदी किनारे प्रकृति भ्रमण, पक्षी अवलोकन, तारों को निहारने, देव खो इको-टूरिज्म स्थल का भ्रमण और योग-ध्यान सत्र शामिल हैं। हालांकि जंगल सफारी वन विभाग की अनुमति, उपलब्धता और मौसम पर निर्भर करेगी।

रिट्रीट से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं, कलाकारों, शिल्पकारों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

बुकिंग के लिए: www.kunoforestretreat.com, मोबाइल नंबर 9624799166 पर संपर्क किया जा सकता है।

Exit mobile version