बघेलखंड की विरासत को मिले राष्ट्रीय पहचान, रीवा राजपरिवार के नाम पर पुरस्कार का सुझाव

इंटैक रीवा चैप्टर को सक्रिय करने और विश्वविद्यालयों को जोड़ने पर जोर, एआई व डिजिटल दस्तावेजीकरण से विरासत संरक्षण की पहल

भोपाल। बघेलखंड की ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों और इंटैक को मिलकर काम करना होगा। इसके लिए रीवा राजपरिवार के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर का विरासत पुरस्कार स्थापित किया जाना चाहिए। यह सुझाव पूर्व कुलपति एवं इंटैक हेरिटेज एकेडमी के अकादमिक सलाहकार मंडल के सदस्य डॉ. कमलाकर सिंह ने विश्व विरासत सप्ताह के समापन अवसर पर रीवा के शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित व्याख्यान में दिया।

कार्यक्रम में रीवा के महाराजा एवं पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता उच्च शिक्षा विभाग रीवा संभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. एमएम द्विवेदी ने की। महाविद्यालय की प्राचार्य विभा श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश में इंटैक के करीब 20 चैप्टर काम कर रहे हैं। रीवा चैप्टर को अधिक सक्रिय बनाकर अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, स्थानीय कॉलेजों, इतिहासकारों, वैज्ञानिकों, वास्तुविदों और कलाकारों को इससे जोड़ना चाहिए। उन्होंने रीवा राजपरिवार के किसी विशिष्ट व्यक्तित्व के नाम पर राष्ट्रीय विरासत पुरस्कार शुरू करने का सुझाव दिया, जिससे पारंपरिक हस्तशिल्पियों, लोक कलाकारों और विरासत संरक्षकों को प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने रीवा दुर्ग, गोविंदगढ़ राजमहल, वेंकट भवन, देउर कोठार के बौद्ध स्तूप, चचाई, पुरवा, क्योंटी और बहुती जलप्रपातों के संरक्षण की जरूरत बताई। साथ ही सफेद बाघ, ऐतिहासिक गज परंपरा, तानसेन और बीरबल से जुड़ी स्मृतियों, बघेली भाषा, लोकसाहित्य और सुपारी शिल्प को भी पहचान दिलाने पर जोर दिया।

डॉ. सिंह ने एआई, डिजिटल दस्तावेजीकरण और पॉडकास्ट के जरिए विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की बात कही। उन्होंने कॉलेजों में हेरिटेज क्लब बनाने, हेरिटेज वॉक आयोजित करने और मौखिक इतिहास दर्ज करने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि नई पीढ़ी को विरासत का दर्शक नहीं, बल्कि उसका जिम्मेदार संरक्षक बनाना होगा।

Exit mobile version