सेहतगंज ग्राम पंचायत से स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 शुरू
भोपाल, 17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत रायसेन जिले की सेहतगंज ग्राम पंचायत से ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, अभियान की जिला प्रभारी शिल्पा गुप्ता, भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी भूमि पर तैयार किए गए अधिकार अभिलेखों का अब निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा। प्रदेश में करीब 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों के पंजीयन का लक्ष्य है। इसके लिए हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसका खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
पंजीयन के बाद ग्रामीण अपनी संपत्ति के दस्तावेज के आधार पर गृह निर्माण, व्यवसाय, कृषि और अन्य आर्थिक गतिविधियों के लिए ऋण प्राप्त कर सकेंगे। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बताया कि प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ग्राम और पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। आवेदन ‘सारा’ एप के माध्यम से होगा, जबकि पंजीयन ‘संपदा’ एप पर किया जाएगा। इसके लिए भूमि की लैंड लिंकिंग और समग्र आईडी से ई-केवाईसी जरूरी होगी।
पंजीयन प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर पूरी करने के लिए पटवारी को निष्पादन अधिकारी तथा तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पीसीओ और एडीईओ को पंजीयन अधिकारी बनाया गया है। अभियान को एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
