मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू

भोपाल, 27 अक्टूबर. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के भोपाल और इंदौर कार्यालयों में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की शुरुआत हुई. यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जाएगा. इस वर्ष की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है. कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने अपने संदेश में कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी संस्थान की कार्यसंस्कृति के प्रमुख आधार हैं. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता और ईमानदारी से करने का आह्वान किया. भोपाल कार्यालय में मुख्य सतर्कता अधिकारी राजेश सोनी और इंदौर कार्यालय में डायरेक्टर प्रोजेक्ट संदीप गेमावत की अध्यक्षता में अधिकारियों-कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई. सभी ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का संकल्प लिया. सप्ताह का उद्देश्य कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों और सुशासन को बढ़ावा देना है.

Exit mobile version